जनगणना का कार्य गंभीरता और शुद्धता के साथ समयसीमा में सम्पन्न कराना है- कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा

जनगणना का कार्य गंभीरता और शुद्धता के साथ समयसीमा में सम्पन्न कराना है- कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए चार्ज अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 01 मई से 30 मई तक होगी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना

रायसेन – भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जिले में जनगणना 2027 अंतर्गत प्रथम चरण के लिए नियुक्त ग्रामीण और निकाय चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि जनगणना देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण डाटा प्रक्रिया है। जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य एक मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। यह कार्य गंभीरता और शुद्धता के साथ समय सीमा में सम्पन्न कराना है, इसलिए सभी जनगणना से जुड़ी प्रक्रिया और आवश्यक जानकारी का भलीभांति अध्ययन कर लें, जिससे कि जनगणना कार्यो में किसी प्रकार की परेशानी या त्रुटि ना हो।
प्रशिक्षण में जानकारी दी गई कि इस बार जनगणना कार्य में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा हैं। आंकड़ों का संग्रह मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक गणना ब्लॉक की सीमा को जीपीएस तकनीक से कैप्चर किया जाएगा। समस्त कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग Census Management and Monitoring System (सीएमएमएस) पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना 2027 में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से एक स्व-गणना वेब पोर्टल विकसित किया गया है। Self Enumeration Web Portal के माध्यम से निवासी स्वयं ऑनलाइन अपना जनगणना डेटा भर सकेंगे। इससे आंकड़ों की सटीकता में सुधार होगा, प्रगणकों का कार्यभार कम होगा तथा डिजिटल डेटा संग्रह प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी होगी।
प्रशिक्षण सत्रों में श्री दिलीप साहू एवं श्रीमती ऐन्सी रेजी द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत और व्यवहारिक जानकारी दी गई। इस दौरान जनगणना की सम्पूर्ण प्रक्रिया, प्रपत्रों का संधारण, मोबाईल एप्लीकेशन के उपयोग, हाउस लिस्टिंग एवं अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। फील्ड स्तर पर संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण में जिला स्तर से अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री मनोज उपाध्याय, जिला योजना अधिकारी श्रीमती किस्मत साहनी, सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!